बलिया। जेएनसीयू में शुक्रवार को अर्थशास्त्र एवं वाणिज्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वित्तीय साक्षरता एवं जागरुकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाम्बे स्टॉक एक्सचेंज के प्रतिनिधि शैलेश कुमार द्विवेदी ने निवेश के विभिन्न तरीके एवं इनकी वैधानिक सूचना तथा सतर्कता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने एसआईपी, म्युचुअल फंड, पीपीएफ, स्टॉक मार्केट आदि निवेश के विभिन्न माध्यमों के लाभ एवं जोखिम से अवगत कराया। कहा कि वास्तविक रिटर्न आय में से मुद्रास्फीति घटाने से प्राप्त होती है। भविष्य में मुद्रा के अवमूल्यन के बाद भी जहाँ लाभ मिले वहाँ निवेश करना चाहिए। डिजिटल फ्राड के विभिन्न तरीकों को समझाते हुए उससे बचने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की। छात्र- छात्राओं की जिज्ञासा को प्रश्नोत्तर के माध्यम से समझाया। कार्यक्रम का संयोजन डाॅ. गुंजन कुमार, संचालन डाॅ. विजय शंकर पाण्डेय, स्वागत डाॅ. विनीत सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन डाॅ. शशिभूषण ने किया।