इंदरपुर। शैक्षिक सत्र 2026-27 में पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति भुगतान के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र ने विद्यालयों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों व प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया है कि जिन विद्यालयों ने अभी तक अपना मास्टर डाटा लॉक नहीं किया है, वे पोर्टल पर सभी प्रविष्टियों का परीक्षण कर निर्धारित समय में प्रोफाइल लॉक कराएं। शासन की ओर से समय-सारिणी में संशोधन करते हुए विद्यालयों को अंतिम अवसर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि मास्टर डाटा लॉक करने की अंतिम तिथि नौ अक्तूबर निर्धारित की गई है। उन्होंने सभी संबंधित विद्यालयों से समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने को कहा है, ताकि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ समय पर मिल सके।