सहतवार। क्षेत्र के ग्राम सभा चितबिसांव में शनिवार रात दो पक्षों में हुई मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों की तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी है। चितबिसांव निवासी बबलू यादव ने तहरीर में आरोप लगाया कि पिता लाल साहब यादव (45) शनिवार की शाम दुकान से सामान खरीद कर घर आ रहे थे। इसी बीच गांव के ही सत्येंद्र यादव समेत छह लोग उन्हें घेर कर मारने पीटने लगे। हो-हल्ला सुनकर परिजन पहुंचे तो उन्हें भी मारा पीटा गया। ऐसे में भाई रंजीत यादव (18), माता प्रेमकला (40) को गंभीर चोटें आई। वहीं, दूसरे पक्ष से घायल सीआरपीएफ के जवान की मां रेनू तिवारी ने तहरीर में आरोप लगाया कि झगड़ा छुड़ाने गए पुत्र अश्वनी तिवारी (32) को गांव के ही लाल साहब यादव, बबलू यादव, मुलायम यादव समेत आठ लोगों ने मारा पीटा। जबकि बीच-बचाव कर रहे संजय राजभर 20, सत्येंद्र यादव 18, मुकेश यादव 22, राधेश्याम यादव 25 को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस दोनों पक्षों के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।