बलिया। ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे में सर्किल रेट पर पुन: विचार करने की मांग को लेकर सोमवार को नगर सहित आसपास के किसानों ने मुख्य राजस्व अधिकारी को पत्रक सौंपा। कहा कि विजयीपुर, बनकटा, बेदुआ, हिरपुर, मकदुनही नेवरी, तालुका जमुआ, पलवरही, कंसपुर, मुरकी के किसानों की ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे के लिए भूमि अधिगृहीत की जा रही है। भूमि का मुआवजा वर्ष 2015 के हिसाब से सर्किल रेट निर्धारित किया गया है, जो न्यूनतम रेट है।
जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित सर्किल रेट से हम नगर के किसानों को आर्थिक नुकसान हो रहा है। उन्होंने मांग की कि वर्तमान 2022 का सर्किल रेट के अधिकतम रेट देने का विचार किया जाए, अन्यथा हम किसान आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। चेताया कि यदि एक अक्तूबर तक हम किसानों की मांगों पर विचार नहीं किया गया तो हम लोग दो अक्तूबर से धरना प्रदर्शन एवं अनशन के लिए बाध्य होंगे। पत्रक सौंपने वालों में विवेक कुमार सिंह, जुबेर अहमद, दीनदयाल राय, परवेज अहमद, रामलखन राय, असलम खां, शिव नारायण सिंह, गंगा सागर राय आदि रहे।