बेल्थरारोड। पश्चिम बंगाल में तैनात क्षेत्र के एक गांव निवासी एयरफोर्स के जवान ने समुदाय विशेष के लोगों पर चारित्रिक आरोप लगाकर धन वसूलने और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए उभांव थाना में केस दर्ज कराया है। तहरीर में कहा गया है कि लगभग 20 की रुपये की वसूली की जा चुकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। एयरफोर्स के जवान ने आरोप लगाया है कि समुदाय विशेष के लोगों द्वारा चारित्रिक दोष लगाकर उत्पीड़न किया जा रहा है। पहले एक महिला की ओर से प्यार के नाम पर फंसाया गया, फिर गर्भवती होने और गर्भपात के नाम पर मुझसे वसूली की गई। यही नहीं महिला के मौत होने की बात बता कर भी वसूली की गई। प्रकरण में कई चिकित्सकों के भी शामिल होने की बात कही गई है। आरोप लगाया कि इस गिरोह ने कई लोगों को अपना शिकार बनाया है। मुझसे लगभग 20 लाख की वसूली की जा चुकी है। तहरीर में जवान ने ब्लैकमेलिंग से तंग आकर आत्महत्या करने जैसी नौबत आने की बात लिखी है। पीडि़त जवान के मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक से मिला था। एसपी राजकरन नय्यर ने मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया था। उभांव थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर मिश्र ने बताया कि जवान की तहरीर पर 20 महिला पुरुष के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।