बलिया। सोहांव ब्लॉक के बसंतपुर में स्थित विद्युत उपकेंद्र को चितबड़ागांव पावर हाउस से जोड़ने का कार्य एक बार फिर शुरू हो गया है। इससे बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 45 गांवों को मिलने वाली विद्युत आपूर्ति में काफी सुधार होगा। इसके साथ ही लाइन लॉस में भी कमी आएगी।
विद्युत आपूर्ति सुधारने को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। गड़हांचल के सोहांव ब्लॉक में स्थित विद्युत उपकेंद्र बसंतपुर व कोटवा नारायनपुर से कुल 75 गांवों को आपूर्ति होती है। कोटवां नारायनपुर विद्युत उपकेंद्र पर पंप नहर फीडर भी है। इससे कोरंटाडीह गंगा पंप नहर को बिजली की आपूर्ति होती है। इन दोनों विद्युत उपकेंद्रों को गाजीपुर स्थित कुंडेसर पावर हाउस से 33/11 विद्युत आपूर्ति होती है।
कोटवां नारायनपुर से कुंडेसर की दूूरी करीब 15 किमी है तो बसंतपुर से इसकी दूरी 22 किमी है। इसके अलावा, दशकों पहले के तार भी काफी जर्जर हो चुके हैं। इसके चलते आए दिन मेन लाइन में फॉल्ट होता है। इससे दोनों विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति बाधित होती है। इस को समस्या दूर के लिए आठ माह पहले बसंतपुर स्थित 33/11 विद्युत उपकेंद्र को चितबड़ागांव स्थित 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र से जोड़ने का कार्य शुरु किया गया।
चितबड़ागांव से बसंतपुर के बीच एनएच 31 के किनारे नई लाइन के लिए पोल खड़े करने के बाद तार लगाने का कार्य शुरु हुआ जो करीब एक माह से रुका था। लेकिन अब यह कार्य एकबार फिर शुरु हो गया है। पोल पर तार लगाने का कार्य पूरा होते ही बसंतपुर विद्युत को चितबड़ागांव पावर हाउस से 33/11 की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।
चितबड़ागांव पावर हाउस से बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र को जोड़ने का कार्य शुरु करा दिया गया है। 132 केवीए से 33 केवीए उपकेंद्र की दूरी कम होने लाइन लॉस में भी कमी आएगी और मॉनीटरिंग भी आसान होगा। जल्द ही चितबड़ागांव पावर हाउस से बसंतपुर विद्युत उपकेंद्र को आपूर्ति शुरु कर दी जाएगी। - एके अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, विद्युत, बलिया