बलिया। जिले की बिजली आपूर्ति दुरुस्त करने में बिजली विभाग जुटा है। विभाग की ओर से शासन को योजना व अतिरिक्त योजना को स्वीकृति मिली है। इसके तहत कुल 33.72 लाख से विभिन्न कार्य कराए जाएंगे।
गर्मी ने दस्तक दे दी है इसको लेकर विद्युत विभाग ने भी तैयारियां तेज कर दी है। शासन की ओर से वर्ष 2024-25 में निर्बाध आपूर्ति को लेकर विभाग ने बिजनेस प्लान के तहत कार्यों का खाका तैयार कर लिया है। सभी कार्य अप्रैल माह में पूरा करने की तैयारी है। करीब एक माह पहले विद्युत विभाग ने बिजनेस प्लान के तहत दो प्रस्ताव शासन को भेजा था। विभाग ने बिजनेस प्लान के तहत कुल 9.07 लाख व बिजनेस प्लान अतिरिक्त के तहत कुल 24.65 लाख का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। अब शासन से इसकी स्वीकृति मिल चुकी है। विभाग ने इसको लेकर टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बिजनेस प्लान के तहत कई तरह के कार्य कराए जाएंगे। बताया जाता है इस कार्य के पूरा होने के बाद गर्मी के दिनों में विद्युत आपूर्ति में सुधार होगा।
000
कई तरह के होंगे कार्य
बिजनेस प्लान के तहत कई तरह के कार्य कराए जाएंगे। इसमें मुख्य रुप से जर्जर तारों को बदलने, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, उपकेंद्रों के मशीनरी में सुधार, 33 व 11 केवी लाइन का निर्माण कार्य शामिल है। जिन क्षेत्रों में एबीसी केबल जर्जर होंगे उन्हें भी बदलने का कार्य किया जाएगा।
000
यह कार्य हैं प्रमुख
- ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि 55
- नए ट्रांसफार्मर- 10
- जर्जर तार बदलने का कार्य- 65 किमी
- एबीसी केबल बदलने का कार्य - 10 किमी
- उपकेंद्रों के स्विच गियर बदलने का कार्य- 3
000
शासन से बिजनेस प्लान की स्वीकृति मिल गई है। इन कार्यों को लेकर टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। कार्यों के पूरा होने के बाद विद्युत आपूर्ति में काफी सुधार होगा।
- एसके अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता, विद्युत, बलिया।