बलिया। उत्तर प्रदेश पॉवर कॉरपोरेशन के प्रबंध निदेशक पंकज कुमार की ओर से 20 से 29 फरवरी तक बिजली सेवा व जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। इस अभियान में शासन ने कई बिंदुओं को शामिल किया है। इसमें बिलिंग समस्या का समाधान के साथ ही आगामी गर्मी के दिनों में निर्बाध आपूर्ति के लिए मार्च में अनुरक्षण से संबंधित सभी कार्य पूरा करने का भी निर्देश है। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों व आमलोगों से सुझाव लिए जाएंगे। विभाग की ओर से लोगों को जागरूक करने के साथ ही बैठकें भी आयोजित होंगी। अधिशासी अभियंता विद्युत नरेंद्र प्रकाश ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अभियान चलाया जाएगा।