बलिया। विद्युत विभाग की ओर से बकाएदारों से वसूली को लेकर लगातार सुविधाएं दी जा रही हैं। पिछले वर्ष बकाएदारों को किस्तवार भुगतान की सुविधा का प्रावधान किया गया। लेकिन यह सुविधा केवल कैश काउंटर पर ही मिल पाती थी। अब विभाग ने इसे ऑनलाइन कर दिया है। अब बकाएदार ऑनलाइन भी किस्तवार बकाया का भुगतान कर सकेंगे।
विद्युत उपभोक्ताओं के लिए अपने बिल के आंशिक भुगतान की विशेष सुविधा पिछले वर्ष शुरु की गई थी। इसे ऊर्जा विभाग ने और भी आसान बनाया है। बताया जाता है कि अब तक यह सुविधा विभाग के कैश काउंटर व आयोजित होने वा्े शिविरों में ही विद्युत उपभोक्ताओं को मिल पाता था। इसके चलते ऑनलाइन भुगतान करने वाले उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ नहीं ले पाते थे। अब ऊर्जा विभाग ने इस सुविधा को भी ऑनलाइन कर दिया है। इससे उपभोक्ता आंशिक भुगतान की सुविधा का लाभ सरकारी कैश काउंटर केंद्रों के अलावा अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र, सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान, प्राथमिक कृषि ऋण समिति एवं ऑनलाइन माध्यम से भी ले सकते हैं। अधिकारियों का कहना है इससे बिलों के भुगतान में इजाफा होगा जिससे राजस्व में इजाफा होगा।
जिले में विद्युत विभाग वर्षों से आर्थिक संकट से जूझ रहा है। हालांकि बकाया वसूली को लेकर समय-समय पर छूट का प्रावधान किया गया लेकिन अधिकांश बकाएदारों ने धनराशि जमा करने में रचि नहीं दिखाई। विभाग का कुल 1.55 लाख बकाएदारों के यहां करीब 600 करोड़ का बकाया है।
विद्युत बिलों के किस्तवार भुगतान की सुविधा अब ऑनलाइन भी मिल जाएगी। उपभोक्ता नजदीकी जनसेवा केंद्रों आदि से भी भुगतान कर सकेंगे।
- एके अग्रवाल, अधिशासी अभियंता, विद्युत