बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के स्थानीय रेलवे क्रासिंग समीप एक 40 वर्षीय अधेड़ की मौत बृहस्पतिवार को एक मालगाड़ी की चपेट में आने से हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। समाचार लिखे जाने तक शव का शिनाख्त नहीं हो सका। मिली जानकारी के अनुसार बॉसडीहरोड रेलवे स्टेशन पर बृहस्पतिवार को छपरा से बलिया के तरफ मालगाड़ी आने के लिए लाइन क्लियर हुआ। जिसके बाद फाइव सी रेलवे क्रासिंग का गेट बंद हुआ। इसी बीच एक विक्षिप्त अधेड़ ट्रैक पार करने लगा। इस दौरान मालगाड़ी आ गई और उसकी जद में वह आ गया। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों की माने तो मृतक करीब 10 वर्षों से बाजार में इधर-उधर घूमता रहता था।