बेल्थरारोड। नगर पंचायत वार्ड नंबर पांच में बृहस्पतिवार की शाम ठंड लगने से वृद्ध की मौत हो गई। परिजनों ने मृतक का दाह संस्कार कर दिया। वार्ड नंबर पांच निवासी मानिकचंद (75) रेलवे स्टेशन रोड स्थित अनिरुद्ध बरनवाल के यहां रहकर ठेले पर मूंगफली और लाई बेचने का कार्य करता था। अत्यधिक ठंड लगने से बीमार हो गया। इस दौरान वह शौचालय में चला गया। काफी देर के बाद जब वह शौचालय से बाहर नहीं निकला तो परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने जब शौचालय का दरवाजा खोला तो वृद्ध को अचेत देख दंग रह गए। परिजनों ने ठंड से बेहाल वृद्ध को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सक ने गंभीर स्थिति के चलते जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गुरुवार की शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।