बलिया। ठंड में चोरी की घटनाएं बढ़ गई हैं। चोर रोज छह से अधिक घरों और दुकानों के ताले चटका रहे हैं। चोरी की घटनाओं को रोकने में पुलिस नाकाम है। जिले में पिछले 15 दिनों में करीब आठ चोरी की घटनाएं हुई हैं। सभी मामले में पुलिस की कार्रवाई जांच तक ही सीमित है। बैरिया थाना क्षेत्र के देवकी छपरा गांव में 14 नवंबर की रात ग्राम पंचायत सदस्य स्वर्ण व्यवसायी प्रेम सोनी के घर में घुसकर चोर तीन आलमारियों का ताला तोड़ लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण उठा ले गए थे। शुक्रवार की रात स्टेशन मालगोदाम रोड़ स्थित टूल्स की दुकान का शटर तोड़कर चोर 40 हजार रुपये नकद उठा ले गए थे। पुलिस चौकी से महज दो सौ मीटर दूर चोरी की घटना से व्यापारियों में दहशत हैं। चार दिन पूर्व शहर के सटे परिखरा काॅलोनी में एक घर में चोर घुस गए थे। मोबाइल की घंटी बजने पर चोर भाग गए थे। इस दिन बेदुआ मोहल्ले में सब्जी बेचनी वाली महिला के बक्से का ताला तोड़ कर चोर नकदी चुरा लिए थे। सभी मामले में पुलिस मुकदमा दर्ज कर चोरों की खोजबीन कर रही है। इस बाबत एएसपी कृपा शंकर ने कहा कि पुलिस रात में क्षेत्र में भ्रमण कर रही है। पिछले दिनों छह से अधिक आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।