बेरुआरबारी। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के बड़सरी गांव में सोमवार को अमृत कलश यात्रा के दौरान बेरुआरबारी ब्लाक के बीडीओ संजय कुमार से मनबढ़ युवकों ने मारपीट किया, बीच बचाव करने आए प्रधान संघ जिलाध्यक्ष की पिटाई का आरोप है। बीडीयो की शिकायत पर पुलिस ने रमेश तिवारी व मनोज तिवारी निवासी बडसरी पर नामजद मुकदमा दर्ज किया।
पुलिस को दी तहरीर में बीडीओ संजय कुमार ने आरोप लगाया कि कलश यात्रा कार्यक्रम में बड़सरी गांव के पंचायत भवन पर गए थे। उसी दौरान गांव के रमेश तिवारी व मनोज तिवारी ने बहसबाजी करते हुए मुझे एवं समस्त कर्मियों से गाली गलौज की। इस दौरान इनके द्वारा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दी गई। हाथापाई की गई। शोर सुनकर गांव के प्रधान मौके पर पंहुचे तो उन्हें देखकर हमलावर और भी उग्र हो गए। इसके बाद उनके द्वारा घसीटते हुए मेरे कपड़े शर्ट आदि फाड़ मारपीट कर दुर्व्यहार किया गया। बीडीओ का आरोप है उक्त लोगों द्वारा जानबूझकर सरकारी काम में बाधा डाली गई और मारपीट की गई। मामले में बीडीओ संजय कुमार की तहरीर पर पुलिस ने मारपीट सरकारी कार्य में बाधा व एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि बीडीओ की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है।