नगर के एनसीसी तिराहा के समीप लगा बारिश का पानी।
- फोटो : BALLIA
बलिया। करीब बीस दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से सोमवार को अपराह्न तीन बजे हुई बारिश से जनमानस को थोड़ी राहत तो जरूर मिली, लेकिन पारा गिरने के साथ ही उमस बढ़ जाने से लोगों की बेचैनी भी बढ़ गई। इसके पूर्व उमस व गर्मी से लोग पूरे दिन बेचैन रहे। सोमवार को पारा रोज से चार डिग्री कम यानि 38 डिग्री रहा, लेकिन आर्द्रता काफी अधिक रही। सुबह आसमान में छिटपुट बादल छाए रहने से मौसम ने थोड़ा सुकून दिया, लेकिन दिनभर बादलों और सूर्य के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा और आखिरकार तीन बजते -बजते बारिश शुरु हो गई। जिससे उमस कुछ कम तो हुई लेकिन बारिश के बाद हुई धूप ने लोगों कोउमस व गर्मी में झोंक दिया। इस दौरान ओवरलोड की वजह से पांच-पांच मिनट पर बिजली की कटौती जारी रही, जिससे लोगों को कहीं भी चैन नहीं मिला। बिजली के बिना लोग पूरे दिन बिलबिलाते रहे। नगर में पूरे दिन बिजली के आने-जाने का क्रम जारी रहा तो देहातों में इसके दर्शन तक नहीं हुए। ऐसे में गर्मी से त्रस्त हो चुके लोग आजिज होकर भगवान से बारिश की गुहार लगाते रहे। धूप व उमस के बीच लोग किसी तरह से जरूरी सामान की खरीदारी करते नजर आए। मौसम की तल्खी व उमस से गांवों के लोगों को भी कहीं चैन नहीं मिला। दिन में लोग पेड़-पौधों के नीचे बैठकर किसी तरह से समय बिताएं।
एनएच-31 स्थित बहेरी में बारिश के दौरान भींगते हुए अपने गंतव्य को जाता बाइक सवार युवक।- फोटो : BALLIA