बैरिया। सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से तीन गांवों वशिष्ठ नगर, गोपालनगर और शिवाल मठिया गांवों पर कटान का खतरा मंडराने लगा है। बृहस्पतिवार की शाम से शुक्रवार की शाम चार बजे तक 93 सेमी जलस्तर बढ़ोतरी दर्ज की गई। चार दिन पूर्व कटान रोधी कार्यों के बीच से कटान का रास्ता बन जाने से शिवाल व गोपालनगर टाड़ी के लोग सहमे हुए हैं। शिवाल के प्रधान परमात्मा गोड़ ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात से पानी का स्तर तेजी से बढ़ा है, जिससे कई जगहों पर हल्की कटान भी शुरू हो गई है। अधिशासी अभियंता संजय कुमार मिश्र ने कहा शिवाल में कटानरोधी स्थल के बगल से कटान हुआ है उस जगह पर 100-150 मीटर की दूरी में पार्कोपाइन विधि से काम करवाकर कटान रोक दिया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि सरयू नदी का जलस्तर बढ़ता जा रहा है, हालांकि फिलहाल खतरे जैसी कोई स्थिति नहीं है। उपजिलाधिकारी आलोक प्रताप सिंह ने कहा कि तहसील प्रशासन बाढ़ की संभावित स्थिति को लेकर अलर्ट मोड पर है। फिलहाल खतरे जैसी कोई बात नहीं हैं।