घटना स्थल पर बच्चों की भीड़। स्रोत-वीडियो ग्रैब
नगर के करतालपुर तिराहे पर उस समय लोग अवाक रह गए जब छोटे बच्चों से भरी एक बस लहराते हुए वहां से गुजरी। बच्चे बस के अंदर से चिल्ला रहे थे। इसके बाद वहां मौजूद लोगों और यातायात पुलिस कर्मियों ने आगे जाकर बस रोकी। मौके पर एआरटीओ को भी बुलाया गया और बस को कंधरापुर थाने में ले जाकर सीज कर दिया गया। चालक का लाइसेंस निरस्त कर दिया। बृहस्पतिवार को दोपहर करीब तीन बजे कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। शहर की एक काॅलेज की बस का चालक लगभग 44 बच्चों को बस में बिठाकर उन्हें उनके घर तक पहुंचाने के लिए निकला। पूरे रास्ते बस चालक बस को लहराते हुए चलाने लगा। इसे देख बस में बैठे बच्चे शोर मचाने लगे। बस को रोकने की बजाय चालक बस को चलाता रहा। करतालपुर तिराहे पर लोगों के सहयोग से यातायात पुलिस के सिपाही ने बस को रोकने में सफलता हासिल की। पंकज श्रीवास्तव, एसपी यातायात ने कहा कि बस चालक नशे में धुत था। बस को रोकने के बाद बच्चों को घर भेजा गया और एआरटीओ को मौके पर बुलाया गया। एआरटीओ ने बस को कंधरापुर थाने में जाकर सीज कर दिया।