बलिया। जिले के लिए एक और उपलब्धि हासिल हुई है। कोरोना की वैक्सीन कोवैक्सिन के मुख्य अनुसंधानकर्ता और जिले के निवासी एम्स दिल्ली में सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डाक्टर संजय राय को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत उच्चतम नीति निर्धारक और संचालक संस्थान ईपीसी (इम्पावर्ड प्रोग्राम कमेटी) का सदस्य बनाया गया है। इस समिति में देश के कई और बड़े नाम शामिल हैं। कोरोना की वैक्सीन कोवैक्सिन के मुख्य अनुसंधानकर्ता संजय राय जिले के लीलकर गांव के निवासी हैं। दिल्ली एम्स में बतौर चिकित्सक संजय राय कोरोना की वैक्सीन के निर्माण में मुख्य भूमिका निभा कर सुर्खियों में आए थे। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा एनएचएम के तहत ईपीसी का पुनर्गठन किया गया है। इस अठ्ठारह सदस्यीय कमेटी में सचिव स्वास्थ्य और परिवार कल्याण अध्यक्ष हैं। नीति आयोग के सीईओ भी सदस्य हैं। इसके अलावा इसमें विभिन्न मंत्रालयों के सचिव सदस्य हैं। अपर सचिव और एनएचएम के निदेशक विकास शील ने डा. संजय राय को पत्र लिख कर उन्हें इस महत्वपूर्ण समिति का सदस्य बनाए जाने की जानकारी दी है। डा. संजय राय को उनके समुदायिक स्वास्थ्य में हासिल अनुभव को देखते हुए ईपीसी में जगह दी गई है। संजय राय को स्वास्थ्य से जुड़ी भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण समिति का सदस्य बनाए जाने पर जिले के लोगों में हर्ष है।