बलिया। गड़वार थाना क्षेत्र के बिसुकिया गांव की विवाहिता बीते सवा माह से ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न के मामले में कार्रवाई को लेकर पुलिस से गुहार लगा रही थी। विवाहिता ने राज्य महिला आयोग से भी गुहार लगाई है। इस बीच एसपी के निर्देश पर नरही पुलिस ने सास-ससुर और पति समेत सात लोगों पर दहेज उत्पीड़न व मारपीट आदि की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
गड़वार थाना क्षेत्र के बिसुकिया की विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र भेजकर पति, ससुर, दोनों देवर पर दहेज में रुपये मांगने और पति की दो वर्ष पहले दूसरी शादी कराने का आरोप लगाया। महिला ने एसपी को भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि ससुरालीजन आए दिन मारपीट करते हैं और दहेज के तौर पर मायके से रुपये लाने का दबाव बनाते हैं। विरोध करने पर मारपीट कर घर से भगा देते हैं। इस तरह की घटना कई बार हुई और कई बार इस मामले में गड़वार पुलिस समझौता करा चुकी है।
आरोप लगाया कि बीते 30 अक्तूबर को भी इन लोगों ने ऐसा ही किया तो थाने पर शिकायत की लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से यह लोग बार-बार ऐसी घटना को अंजाम देते हैं। एसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी सदर ने विवाहिता की काउंसिलिंग कर नरही थाने को मुकदमा दर्ज करने को कहा। इसके बाद, नरही पुलिस ने ससुर, सास, पति, दोनों देवर व दोनों देवरानी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी अशोक मिश्र ने बताया कि नरही थाने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जाएगी।