अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विश्व स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर 14 जून को जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर लगाया जाएगा। शिविर में इसमें भाग लेने वाले महादानी अपना नाम, पता व मोबाइल नंबर व्हाट्सएप नंबर 8650125568 पर पंजीकृत करा सकते हैं। रक्तदान करने वाले महादानी को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। ब्लड बैंक द्वारा जारी डोनर कार्ड भी रक्तदाता को दिया जाएगा। ब्लड बैंक के नोडल अधिकारी डा. धनीशंकर सिंह ने बताया कि रक्तदान करने से शरीर पर कोई असर नहीं पड़ता है। बल्कि गंभीर रोगों से निजात मिलती है। इसके अलावा आपका रक्त किसी भी व्यक्ति का जान बचा सकता है। आपका रक्त दूसरों को जीवन दे सकता है। रक्तदान करने से शुगर, हार्ट अटैक, मधुमेह आदि गंभीर बीमारियां नहीं हो सकती है। बताया कि 18 से 65 आयु का स्वस्थ कोई भी व्यक्ति साल में चार बार रक्तदान कर सकता है। रक्तदान करने के बाद रक्त ताजा हो जाता है और जल्द रिकवर करता है। रक्तदान करने से ब्लड पतला होता है। इससे हार्ट अटैक की संभावना नहीं रहती है।