बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के निर्देशों के अनुसार जिले में सभी प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को अब पोस्टपेड मोड में बदल दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रीपेड से पोस्टपेड में परिवर्तन की यह प्रक्रिया मुख्यालय स्तर से पूरी की जाएगी। इसके लिए उपभोक्ताओं को किसी भी कार्यालय के चक्कर लगाने या अलग से कोई आवेदन देने की आवश्यकता नहीं होगी। मई की बिजली खपत का बिल जून में पोस्टपेड प्रणाली के तहत जारी किया जाएगा। पोस्टपेड मोड में स्विच होने के बाद, उपभोक्ताओं की सुरक्षा धनराशि की वसूली जुलाई से अक्तूबर के बीच चार समान मासिक किस्तों में बिल के साथ जोड़कर की जाएगी। डीएम ने बताया कि इस कदम का मुख्य उद्देश्य बिलिंग प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाना है।