जिला अस्पताल में आंख ऑपरेशन के नाम पर पैसा वसूली के वायरल वीडियो तूल पकड़ रहा है। परिजन की शिकायत पर जिलाधिकारी रवींद्र कुमार ने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को पत्र जारी कर प्रकरण की जांच के बाद दोषी के खिलाफ कार्रवाई कर तीन दिन के अंदर अवगत कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने मनियर निवासी वशिष्ठ राजभर की शिकायत पर मामले को संज्ञान लिया है। मामले में अस्पताल प्रशासन ने वसूली वाले दिन ओटी में तैनात नेत्र सर्जन व कर्मचारियों के खिलाफ नोटिस जारी किया था। इसमें चिकित्सक ने स्पष्टीकरण में वसूली करने वाले व्यक्ति से किसी भी संबंध से इन्कार किया है।
मनियर निवासी वशिष्ठ राजभर ने डीएम को पत्र देकर जिला नि:शुल्क आपरेशन करने के नाम पर वसूली का आरोप लगाया था। कहा कि दो मार्च को अस्पताल में मेरे रिश्तेदार मांती देवी निवासी सुखपुरा का मोतियाबिंद का आपरेशन हुआ है। आपरेशन थियेटर में बैठै एक रिटायर्ड वार्ड कर्मी द्वारा आपरेशन करने के नाम पर तीन हजार रुपये वसूल रहा था। नि:शुल्क आपरेशन होने व गरीबी का हवाला देने के वावजूद, वह पैसे के लिए दबाव बनाने पर मजबूर होकर उसे एक हजार रुपये देना पड़ा। इसका वीडियो उपलब्ध है। इस बाबत सीएमएस डा. दिवाकर सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित की जा रही है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई होगी।