रसड़ा थाना के निबू चट्टी के पास शनिवार की देर शाम सड़क किनारे खड़े ट्रक से डीजे लदी पिकअप टकरा गई। इस पर सवार तीन युवकों की मौत हो गई, एक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्मार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पिकअप का चालक भाग निकला। गाजीपुर के बिरनो थाना क्षेत्र से एक बरात रसड़ा आ रही थी। बरात में शामिल होने के लिए डीजे वाले पिकअप से सिघाधर घाट होते हुए रसड़ा आ रहे थे। पिकअप पर डीजे बंधा था, जिसमें सभी आपरेटर सवार थे। सिघाधर घाट-रसड़ा मार्ग के नीबू चट्टी पर अचानक सामने से आ रही तेज रफ्तार की बोलेरो से बचने के चक्कर में पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में पिकअप के परखच्चे उड़ गए। चालक के दाहिनी तरफ बैठे डीजे आपरेटर मुकेश कुमार (19) तथा अंकित कुमार ऊर्फ गोलू (19) दोनों गाजीपुर के बिरनो थानान्तर्गत मीरपुर निवासी और जौनपुर निवासी एक अज्ञात 20 वर्षीय युवक की मौके पर मौत हो गई। जबकि पिकअप की छत पर बैठा बिरनो मीरपुर निवासी अजय कुमार घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। जबकि शवो ंको पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना की खबर लगते ही बरात में खलबली मच गई। किसी तरह शादी की रस्म पूरी कर रात में ही बरात वापस लौट गई। रसड़ा थाना प्रभारी हितेन्द्र सिंह ने कहा कि तेज रफ्तार की डीजे लदी पिकअप ने ओवरटेक के चक्कर में सड़क किनारे खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। इसमें तीन युवकों की मौत हो गई। एक घायल है। एक युवक के परिजनों के न आने के कारण उसका पोस्टमार्टम अभी नहीं हुआ है।