सिकंदरपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार की रात एंटी स्नैक वेनम लगवाने पहुंचे जिला पंचायत सदस्य को दलालों ने मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
रविवार की रात जिला पंचायत सदस्य संतोष चौहान की पत्नी को सर्प ने डस लिया। इसकी जानकारी होने पर संतोष अपनी पत्नी लक्ष्मी देवी (40) को लेकर सीएचसी सिकंदरपुर पहुंचे। डॉक्टरों ने दवा की पर्ची लिख उनको थमाते हुए स्टोर से दवा लाने को कहा। अस्पताल के स्टोर में तैनात कर्मचारी व उसके साथ मौजूद दलाल ने दवा के बदले पैसे की मांग की। इस बात को लेकर जिला पंचायत सदस्य ने आपत्ति जताई और कहासुनी होने लगी। इसी बीच कुछ और दलाल वहां पहुंच गए और पीड़ित पक्ष को धमकाते हुए मारपीट कर घायल कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही चिकित्सक मौके पर पहुंच गए और घायल जिला पंचायत सदस्य का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इस संबंध में चिकित्सक का कहना है कि संतोष के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।