बलिया। दुर्जनपुर गोलीकांड में हकीकत सामने लाने को लेकर अब सैनिक संगठन मैदान में आ गया है। सैनिक संगठन के प्रदेश प्रभारी रमेश सिंह उर्फ गुड्डू भैया व बलिया के जिलाध्यक्ष अखिलेश्वर सिंह ने दुर्जनपुर गांव का दौरा किया। सैनिक संगठन के दोनों पदाधिकारियों ने शनिवार को बताया कि मौके पर जाकर लोगों की बात सुनने व घटना का जायजा लेने पर यह तथ्य सामने आया है कि किसी और ने गोली चला कर जयप्रकाश पाल की हत्या की है। पूर्व सैनिक धीरेंद्र सिंह डब्लू को फंसाने की सुनियोजित साजिश की गई है। दोनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और महामहिम राज्यपाल को पत्र भेजकर घटना की न्यायिक जांच कराने की मांग करते हुए सैनिक सम्मान में सैनिक का साथ देने का संकल्प लिया है। यदि हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर इसके लिए एक रणनीति तय कर शीघ्र ही आंदोलन का आगाज किया जाएगा।