बलिया। कार्य में लापरवाही व विभागीय उच्चाधिकारियों के आदेश की अवहेलना करने के आरोप में बुधवार को जिला पंचायत राज अधिकारी यतेंद्र सिंह ने सोहांव विकास खंड के सरवनपुर गांव में तैनात दो सफाई कर्मियों को निलंबित कर दिया है। उनको चिलकहर विकास खंड से संबद्ध करते हुए मामले की जांच के सहायक विकास अधिकारी को सौंपी है।
डीपीआरओ को बुधवार को निरीक्षण के दौरान सोहांव ब्लॉक के ग्राम पंचायत सरवनपुर में चारों तरफ गंदगी एवं खडंजों पर घास लगी हुई मिलीं। पूछताछ के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत में साफ सफाई का कार्य सफाईकर्मी रमेश कुमार भारती और सुरेंद्र राम द्वारा उपस्थित होकर नहीं किया जाता है, जिसके कारण चहुंओर गंदगी का आलम है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी ने दोनो सफाई कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।