रसड़ा। तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत हसनपुर उर्फ बछईपुर में चल रहे नाली निर्माण में अवरोध पैदा कर काम को रोके जाने से आक्रोशित ग्रामीणों ने शनिवार को प्रदर्शन किया। इसके बाद एसडीएम सदानंद सरोज के नाम पत्रक सौंप कर नाली निर्माण में बाधा उत्पन कर रहे दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। गांव के ग्राम प्रधान मन्नु खरवार सहित ग्रामीण संतोष सिंह, जयप्रकाश सिंह, पवन राजभर, विपलेश शर्मा, सम्पतिया देवी आदि के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन पत्र में आरोप लगाया गया है कि विधायक उमाशंकर सिंह के सहयोग से जल निकासी हेतु नाली का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। जिसमें गांव के कुछ दबंग किस्म के लोग राजनीतिक द्वेष के चलते निर्माण कार्य में लगातार बाधा डाल रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दबंगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे आर-पार की लड़ाई को बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिममेदारी प्रशासन की होगी।