नगर से सटे माल्देपुर से कदम चौराहा तक 4.445 किमी लंबाई में फोरलेन सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय की ओर से कुल 48.95 करोड़ स्वीकृत किया गया है। अब इसको लेकर एनएचएआई की ओर से जल्द ही टेंडर होगा। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सीमांकन भी शुरू होगा।
नगरवासियों को जल्द ही चकाचक फोरलेन सड़क मिलेगी। राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय ने सांसद की पहल पर माल्देपुर से कदम चौराहा तक फोरलेन बनाने व दोनों तरफ आरसीसी ढक्कन युक्त नाला बनाने के लिए 48.95 करोड़ की स्वीकृति दी है। एनएचएआई की ओर से इस कार्य के लिए टेंडर कराने को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। पहले चरण में यूटिलिटी शिफ्टिंग कार्य कराया जाएगा।
बता दें कि जिले में करीब 90 किमी लंबी एनएच 31 सड़क है। अब नगर से गुजर रहे एनएच 31 के चौड़ीकरण कार्य होना तय हो गया है।
जाम से मिलेगी मुक्ति, यातायात होगा सुगम
एनएन 31 पर माल्देपुर से लेकर कदम चौराहा तक हमेशा जाम की स्थिति रहती है। टू लेन सड़क होने के कारण आए दिन जाम लगता है जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब फोरलेन सड़क बन जाने के बाद समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी।
बलिया में माल्देपुर से लेकर कदम चौराहा तक की एनएच 31 को फोरलेन बनाया जाएगा। इसकी स्वीकृति मिली है, जल्द ही टेंडर की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अन्य कार्य कराए जाएंगे।
- एसपी पाठक, परियोजना निदेशक, एनएचएआई, आजमगढ़।