बलिया। जिले में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों की मनमानी और लापरवाही के खिलाफ पूर्वांचल जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने बुधवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। एसोसिएशन का आरोप है कि जिले में एक ही रजिस्ट्रेशन का उपयोग कर अलग-अलग स्थानों पर 7 से 8 मानक विहीन अस्पताल चलाए जा रहे हैं, जिन्हें किसी रसूखदार व्यक्ति का संरक्षण प्राप्त है। ज्ञापन में हाल की एक दिल दहला देने वाली घटना का जिक्र किया गया है, जिसमें एक महिला और दो नवजात शिशुओं की मौत के बाद उनके शवों को अस्पताल के शौचालय में फेंकने का शर्मनाक आरोप लगाया गया है। इसके साथ ही, एसोसिएशन ने कुछ जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधा। आरोप लगाया कि ईमानदार अधिकारियों पर सार्वजनिक मंचों से अमर्यादित टिप्पणियां कर दबाव बनाया जा रहा है ताकि वे गलत कार्यों को संरक्षण दें। पत्रकारों ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और प्रशासनिक गरिमा बनाए रखने की मांग की है।