टीडी कालेज चौराहे पर शासन प्रशासन का विरोध कर पुतला फुंकते अधिवक्ता।
- फोटो : BALLIA
बलिया। शुक्रवार को अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर जिलाधिकारी को पत्रक सौंपा। पत्रक के पूर्व दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में घटित घटना के विरोध में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कारवाई की मांग को लेकर टीडी कालेज चौराहा पर पुतला दहन भी किया। मांग पत्र में घायल अधिवक्ताओं को मुआवजा व दोषियों पुलिस कर्मियों के खिलाफ तीन माह के अन्दर जांच कर दण्डित करने की मांग अधिवक्ताओं द्वारा की गयी। साथ ही अधिवक्ताओं के जानमाल की सुरक्षा के लिए सरकार से गुहार लगाई। मांग पत्र में न्यायालय परिसर में असलहा लेकर पुलिस कर्मियों की रोक की बात कही। अपने जान माल की सुरक्षा के मांग के साथ ही 70 वर्षीय अधिवक्ताओं को पेंशन देने की मांग कही गई। नए अधिवक्ता जो दस साल से नीचे का प्रेक्टिसनर्स है, उनको प्रोत्साहन भत्ता दिए जाने की मांग रखी गयी। इन मांगों के साथ ही और कई मांगों को अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी के समक्ष मांग पत्र के माध्यम से प्रेषित किया। अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन, दी सेन्ट्रल वार एसोसिएशन एवं क्रिमीनल एण्ड रेवेन्यू बार एसोसिएशन में अधिवक्ताओं द्वारा बैठक कर रणनीति बनाई गयी। क्रिमीनल एण्ड रेवेन्यू बार में हुई अधिवक्ताओं की बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ मिश्र द्वारा की गयी। जिसका संचालन महासचिव अविरल कुमार ओझा व ओम प्रकाश नारायण चौबे ने संयुक्त रूप से किया। इस बैठक में अवधेश कुमार राय, मारकण्डेय सिंह, ओम प्रकाश दुबे, प्रियंक सिंह, उमेश प्रताप सहित अन्य अधिवक्ता भी मौजूद रहे।