बलिया। बलिया-सिकन्दरपुर मार्ग के सुखपुरा थाना के हनुमानगंज चौकी के समीप सोमवार की सुबह स्कूल बस की टक्कर से बाइक सवार प्रधानाचार्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगों ने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। इसकी खबर लगते ही शिक्षा विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। अस्पताल में शिक्षकों की भारी भीड़ जुट गई। परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल रहा।
सुखपुरा के बरगइया के बारी गांव निवासी अरविन्द उपाध्याय शिक्षा क्षेत्र बेरूआरबारी के कंपोजिट कन्या जूनियर हाईस्कूल सुखपुरा पर प्रधानाध्यापक पद पर तैनात थे। शहर स्थित आवास से बाइक से विद्यालय जा रहे थे। अभी जीराबस्ती के पुलिस चौकी के पास पहुंचे थे कि स्कूल बस ने टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई। उसमें बाइक सवार अरविंद गम्भीर रूप से घायल होकर बेसुध हो गई। स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया।