चिलकहर। गडवार थाना क्षेत्र के नदौली पियरही गांव निवासी बिहार के जमुई में तैनात सीआरपीएफ जवान कि अयोध्या में ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से शुक्रवार को मौत हो गई। इसकी सूचना जैसे ही परिजनों को मिली घर में कोहराम मच गया। शनिवार की सुबह जवान का शव पहुंचते ही देखने वालों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। जबकिपरिवारवालों रो-रोकर बुरा हाल रहा। सीआरपीएफ और पुलिस के जवानों ने मृत जवान को गार्ड आफ ऑनर दिया। गड़वार थाना क्षेत्र के नदौली पियरही निवासी हरेंद्र राम उम्र 50 वर्ष सीआरपीएफ में बिहार के जमुई में तैनात था, जो बटालियन 63 वी वाहिनी फैजाबाद नवीन मंडी में शुक्रवार की दोपहर ड्यूटी कर रहा था। इसी दौरान हृदय गति रुकने से उसकी मौत हो गई। जवानों ने इसकी सूचना परिवार वालों को दी।शनिवार की सुबह एंबुलेंस से जवान का शव जैसे ही गांव पहुंचा ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। पत्नी लालमुनी का रोते-रोते बुरा हाल रहा। एक पखवारा पूर्व ही जवान एक महीने की लंबी छुट्टी काटने के बाद ड्यूटी पर गया था। मृत जवान के दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं, जिसमें दो पुत्री और एक पुत्र की शादी हो चुकी है। जबकि एक पुत्र की शादी नहीं हुई है। जवान का शव लेकर आने वालों में सहायक कमांडेंट गौरव मालवीय, नरेश कुमार,निरीक्षक राजमणि सिंह सहित अन्य जवान शामिल रहे। इस मौके पर बाबूलाल, रणधीर सिंह, पंकज महाजन, विपिन राजभर, राकेश कुमार, प्रमोद कुमार, चंदन कुमार आदि रहें।