नगरा। भीमपुरा थाना क्षेत्र के रूपवार गांव के पास स्थित ईंट भट्ठे पर कार्य करने वाली 25 वर्षीय आदिवासी महिला को सोमवार की सुबह सांप ने डस लिया। इलाज में विलम्ब के कारण अस्पताल जाते वक्त रास्ते में ही मौत हो गई। महिला के भाई का आरोप है कि सांप के काटने की सूचना मालिक को दी तो उसने मदद से इंकार कर दिया। महिला को साइकिल से अस्पताल ले जाना पड़ा। झारखंड प्रदेश के रांची जिले के आरा गेट बड़ाम निवासी विकास लोहार अपनी पत्नी शिवानी, सास व साले के साथ रूपवार स्थित भठ्ठे पर ईंट पथाई का काम करता है। सोमवार की सुबह उसकी पत्नी भठ्ठे की तरफ किसी कार्यवश गई थी। उसी दौरान उसे सांप ने डस लिया। इसकी सूचना मृतका के भाई आकाश ने मालिक को आवास पर जाकर दी। आरोप है कि मालिक ने उस समय कोई मदद देने से इंकार करते हुए पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद वह महिला को साइकिल से लेकर बाहरपुर स्थित मिशन अस्पताल पहुंचे। वहां उपचार न होने के बाद मऊ लेकर गए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।