बेल्थरारोड। संयुक्त व्यापार मंडल का शिष्टमंडल सोमवार को उपजिलाधिकारी राजेश कुमार यादव से मिल जिलाधिकारी को संबोधित पत्रक सौंपा। पत्रक में लॉकडाउन के दौरान ग्रीन जोन में व्यापारियों को रोस्टर के मुताबिक प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति देने की मांग की। पत्रक में उल्लेख है कि वैश्विक कोरोना महामारी के चलते सरकार के निर्देश पर लॉकडाउन के दौरान व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर देशहित में सहयोग किया है। ग्रीन जोन में सरकार द्वारा दी जाने वाली सुविधाओं से व्यापारियों को वंचित किया जा रहा है। दुकानें बंद हो जाने से छोटे दुकानदार भूखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं। ऐसे में प्रशासन द्वारा रोस्टर के अनुसार सभी दुकानों को खोलने की अनुमति दी जाए। शिष्टमंडल में नगर पंचायत चेयरमैन दिनेश कुमार गुप्त, दुर्गा प्रसाद मधु, प्रशांत कुमार मंटू, बैजनाथ प्रसाद साहू, हाजी तौहीद अनवर लारी, सुनील कुमार टिंकू, धर्मेंद्र सोनी, अशोक सोनी आदि रहे।