बलिया। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर गांव में शुक्रवार की देर शाम ट्यूबेल के पास संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने युवक की शिनाख्त जितेंद्र नट (30) पुत्र फौजदार नट निवासी शाहपुर के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि गांव के खेत में लगे ट्यूबेल के पास गांव के लोगों ने युवक का शव देखा। इसकी सूचना उन्होंने तत्काल पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक का घर घटना स्थल से महज कुछ दूरी पर है। मृतक की पत्नी सरिता रोते-रोते बेसुध हो जा रही थी। मृतक के चार छोटे छोटे बच्चे है। मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। इस बाबत बांसडीह कोतवाली निरीक्षक राजीव मिश्रा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।