बलिया में गंगा किनारे तीन शव मिलने से सनसनी
- फोटो : सोशल मीडिया।
यूपी के बलिया जिले में मंगलवार को एक बार फिर गंगा में शव उतराते दिखे। नरही थाना क्षेत्र के जद्दूपुर सरया गांव के सामने गंगा घाट किनारे तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन घाट पर शवों का अंतिम संस्कार कराया। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान में बिहार के बक्सर व बलिया के उजियार भरौली गंगा तट पर शव गंगा में उतराए मिले थे।
इसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और घाटों पर शव प्रवाह पर रोक लगा दी गई थी। गंगा घाटों पर पुलिस ने निगरानी भी बढ़ा दी थी। तीन महीने बाद मंगलवार को सरया गांव के पास गंगा नदी के किनारे तीन शवों को कुत्तों के नोचने की खबर पुलिस को लगी तो थाना प्रभारी राजकुमार सिंह व कोरंटाडीह चौकी प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंचे। शवों का अंतिम संस्कार कराया।
एक बार फिर से गंगा में शवों के मिलने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है। एसएचओ राजकुमार सिंह ने बताया कि दो शव कफन में लिपटे हुए थे। पूरवा हवा के कारण बक्सर के रामरेखा घाट की तरफ से बह कर सरयां गांव के सामने आ गए थे। शवों का सम्मान के साथ अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
पढ़ेंः बलिया में बवाल: लाल बालू को लेकर मारपीट, चलीं गोलियां, पुलिस फायरिंग से कर रही इनकार