टकरसन गांव के समीप शनिवार को बोलेरो की जद में आने से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवा दिया। मौत की खबर सुन परिजनों का रोते-रोते बुरा हाल है। वासुदेवपुर गांव निवासी सवरू गौड़ (55) मजदूरी का काम करता था। साइकिल से मजदूरी करने मुख्यालय जा रहा था। टकरसन गांव के समीप बलिया से बांसडीह की तरफ जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल सवरू को जिला अस्पताल पहुंचाया, वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पत्नी कमलावती देवी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर खोजबीन शुरू कर दी है।