बेल्थरारोड के कड़सर ग्राम में मतदाता सूची में गड़बड़ी की जांच करते तहसीलदार जितेंद्र सिंह।
- फोटो : BALLIA
बेल्थरारोड। तहसीलदार जितेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को क्षेत्र के ग्राम कड़सर में मतदाता सूची में गड़बड़ी की जांच की। इस दौरान जांच में चार दर्जन से अधिक लोगों के नाम सूची से गायब मिले। जबकि पूर्व में इनके नाम सूची में शामिल थे। इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए तहसीलदार ने सूची से कटे वास्तविक नामों को शामिल और गलत लोगों के नाम सूची से बाहर करने का निर्देश दिया। कड़सर ग्राम निवासी अमरेश प्रसाद यादव ने उप जिलाधिकारी को पत्रक सौंप मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत की। पत्र में सुपरवाइजर पर मतदाता सूची में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए इसकी जांच कर वयस्क मतदाताओं के नाम सूची में शामिल करने की मांग की। एसडीएम के निर्देश पर तहसीलदार ने शनिवार को ग्राम में पहुंच जांच की। इस दौरान पाया गया कि 50 से अधिक लोगों के नाम सूची से काट दिए गए हैं। जबकि पूर्व की सूची में उनका नाम अंकित था। इसी प्रकार, कई अल्पवयस्क लोगों के नाम भी सूची में शामिल थे। तहसीलदार ने मामले की जांच के बाद अपात्रों के नाम सूची से काटने और पात्रों के नाम सूची में शामिल करने का निर्देश दिया। इस दौरान ग्रामवासियों ने सूची में गड़बड़ी के लिए सुपरवाइजर को जिम्मेदार ठहराते हुए उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की मांग की, ताकि सूची दुरुस्त हो सके।