बलिया। जिला अस्पताल में जिलाधिकारी रवींद्र कुमार के अथक प्रयास से व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है। मरीजों को बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं मिल रही हैं। गर्मी और लू के बीच होने वाली मौतों का आंकड़ा शून्य हो गया है और बीमार मरीज भी नहीं आ रहे हैं। उसके बावजूद, जिलाधिकारी लगातार मानिटरिंग कर और बेहतर व्यवस्था करने में लगे हैं। चेतावनी के बावजूद अस्पताल के वार्डों, परिसर की खराब साफ-सफाई पर सीएमएस डा. एसके यादव ने कार्यदायी संस्थान प्राइम क्लीन को नोटिस जारी किया है।
अस्पताल प्रशासन ने मरीज को बेहतर चिकित्सकीय सहित अन्य व्यवस्था ठीक रहे, इसके लिए भर्ती मरीजों के यहां बेवजह भीड़ लगाने वाले परिजनों पर रोक लगा दी है। मरीज के पास एक तीमारदार 24 घंटे रह सकता है। अन्य परिवार के सदस्य व रिश्तेदार सुबह दस से 12 बजे व शाम को चार से छह बजे तक मिल सकेंगे। इस बीच प्रवेश प्रतिबंध रहेगा। सुरक्षा के लिए होमगार्ड तैनात है। नर्स और अन्य स्वास्थ्यकर्मी इसे देखेंगे। जरूरत पड़ी तो पुलिस की मदद भी ली जाएगी। अस्पताल परिसर व वार्डों में वाल पेंटिंग के माध्यम से मरीजों और तीमारदारों को जागरूक किया जा रहा है। इस बाबत सीएमएस डा. एसके यादव ने कहा कि मरीजों के पास वेवजह भीड़ के कारण संक्रमण होने का खतरा बना रहता है। भीड़ ज्यादा होने से तमाम परेशानी रहती है।