बलिया। जिला अस्पताल में करीब ढाई माह बाद सीटी स्कैन जांच शुरू हो गई है। लंबे समय बाद जांच शुरू होने से मरीजों की भीड़ जुट रही है। मशीन मरम्मत होने के बाद अभी ट्रायल पर चल रही है। इसके कारण सिर्फ 10 से 20 जांचें ही हो पा रही हैं। अन्य मरीजों को दस दिन बाद का नंबर मिल रहा है। जांच न होने से मरीजों व कर्मचारियों में तू-तू, मैं-मैं हो रही है।
सीटी स्कैन मशीन का ट्यूब खराब होने के कारण लंबे समय से जांच बंद थी। जापान से दूसरी बार पार्ट्स आने के बाद कड़ी मेहनत के बाद करीब ढाई माह बाद मशीन की मरम्मत इंजीनियरों ने की है। मशीन को ट्रायल के रूप में दस दिन चलाने के बाद जांच का लोड देने का निर्देश दिया है। अस्पताल में रोज 100 से 150 सीटी स्कैन की जांच आती है। मशीन ठीक होने की खबर लगते ही जांच कराने के लिए मरीजों की भीड़ सुबह से लग रही है। कर्मचारी मशीन खराब होने का हवाला देते हुए सिर्फ दस ओपीडी व दस इमरजेंसी जांच कर रहे हैं। इस बाबत सीएमएस डा. सुमित कुमार यादव ने कहा कि लंबे समय बाद मशीन की मरम्मत हुई है। दस दिन इंजीनियर ट्रायल कर मशीन की स्थिति देखेगे उसके बाद सभी की जांच होगी।