बलिया। सावन के पहले सोमवारी पर भोर से ही भक्तों का हुजूम शिवालयों पर उमड़ पड़ा। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के शिवालय बोल बम के नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। बाबा का दर्शन पूजन कर लोगों ने दिन की शुरूआत की। सुरक्षा को लेकर मंदिरों पर महिला व पुरुष जवान तैनात रहे।
श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव से भगवान शंकर पर जलाभिषेक कर सर्वमंगल कामना की। बड़ी संख्या में महिलाओं व युवतियों ने सोमवारी पर उपवास रखकर पूजा-अर्चन की। नगर के बालेश्वर मंदिर का कपाट रात 12 बजे के बाद खुलने पर श्रद्वालुओं ने दर्शन पूजन किया। भोर होते-होते महिला पुरुष भक्तों की रामलीला मैदान तक लाइन लग गई। तेज धूप के बाद भी भक्तों की लाइन दर्शन के लिए लगी रही। भक्तों ने बेलपत्र, भांग, धतूरा, दूध, गंगाजल आदि चढ़ाकर परिवार की मंगल कामना की।
वहीं, गोलारोड स्थित कैलास धाम मंदिर, मिड्ढी स्थित शिव मंदिर व पर भक्तों ने पूजन अर्चन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना की। उधर, नगर से सटे देवकली गांव स्थित देवकलेश्वर मंदिर, नगरी स्थित नटकेश्वर मंदिर, मिड्ढा के बाजार व गोरथाना के पोखरा स्थितशिव मंदिर, निधरिया स्थित पंच मंदिर पर भी भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्र के दिउली स्थितबाबा बालखंडी नाथ, असेगा स्थित शोकहरण नाथ, बड़सरी स्थित अवनी नाथ, भड़सर स्थित दु:खहरण नाथ, ब्यासी स्थित हरिहर नाथ, नगवां स्थित नागेश्वर नाथ, इब्राहिमपट्टी स्थित अवभूतेश्वर नाथ, बांसडीहकस्बा स्थित भुटेश्वर व रघुवेश्वर नाथ, थम्हनपुरा स्थित बाबा धर्मेश्वर नाथ मंदिर पर बाबा के भक्तों ने वेलपत्र, भांग, धतूरा, भस्म, चंदन,फूल-माला, प्रसाद आदि चढ़ाकर पूजन-अर्चन कर परिवार के मंगलमय की कामना की।