धनुष यज्ञ मेले में श्रृंगार के सामानों की खरीदारी करती युवतिया।
- फोटो : BALLIA
बैरिया। सुदिष्ट बाबा की समाधि के पास तीन जनवरी तक चलने वाला धनुष यज्ञ मेला अंतिम दिनों में पूरे शबाब पर है। शुक्रवार को मेले में उमड़ी भीड़ से दुकानदारों के चेहरे खिल गए। खरीदारी चरम पर है। जबकि ठंड को देखते हुए गर्म कपड़ों की दुकानों पर अधिक लोग जुटे रहे। वहीं, सुरक्षा को लेकर पुलिस भी पूरे दिन सर्तक रही। तीन दिन बाद समापन को देखते हुए ग्रामीण इलाकों से ठंड व ठिठुरन के बावजूद भी लोगों के पहुंचने का दौर शुक्रवार की सुबह से ही शुरू हो गया। ट्रेनों, बसों व अन्य सवारी वाहनों से पहुंचे मेला परिसर पहुंचे और जमकर मेले में खरीदारी का लुत्फ उठाया। आखिरी समय में इन सामानों की बिक्री काफी बढ़ गई है। यहां गृहणियों के पसन्द की भी ज्यादा सामग्री मिल रही है। किसानों के जरूरत के समान भी यहां कम नहीं है। चौकी-बेलन और कठवत है तो हसुआ-खुरपी, कुदाल के साथ ही खल-मूसल मिल रहा है। दोपहर ंतक मेला में चर्खी, झूला व खाने-पीने की दुकानों में ठसाठस भीड़ जुट गई। सौन्दर्य प्रसाधन की दुकानों पर महिलाओं व खेल-खिलौना की दुकानों पर बच्चों की भीड़ रही। उधर, मेलार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण सुरक्षा को लेकर पुलिस भी पूरे दिन सर्तक रही। मेलाध्यक्ष रोशन गुप्ता ने बताया कि साल का अंतिम दिन होने के नाते भीड़ रही। शनिवार को साल का पहला दिन है। इससे बहुत ज्यादा भीड़ उमड़ने की संभावना है।