सागरपाली में छज्जा गिरने के बाद जिला अस्पताल में भर्ती घायल महिलाएं।
- फोटो : ballia
फेफना थाना क्षेत्र के सागरपाली गांव में छठ पूजन के बाद बालकिशुन साहनी के घर कोसी भरा जा रहा था। महिलाएं छठ गीत गा रही थी। इसी दौरान छत का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसके मलवे में दबकर एक महिला की मौत हो गई, वहीं एक मासूम समेत 12 महिलाएं गंभीर रुप से घायल हो गई। घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में कराया जा रहा है। घटना की सूचना मिलने पर राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार उपेंद्र तिवारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना। बताया जाता है कि सागरपाली निवासी बालकिशुन साहनी के घर छठ पूजन के समय कोसी भरने के दौरान महिलाएं गीत गा रही थीं। इसी बीच घर की छत का छज्जा अचानक भरभरा कर गिर गया। जिसमें एक मासूम सहित 13 महिलाएं दब गई। आसपास के लोगों ने सभी को मलवे से बाहर निकाला ओर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मुइली देवी (60) पत्नी राजपति को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मासूम सहित 12 महिलाओं का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
घायल महिलाओं में फेफना थाना क्षेत्र के सागरपाली अराजी माफी निवासी लक्ष्मीना (32) पत्नी दशरथ, चांदमुनी (70) पत्नी शिवशंकर, राजकुमारी (40) पत्नी योगेंद्र साहनी, चंपा देवी (45) पत्नी भीम साहनी, सविता देवी (25) पत्नी अंटू साहनी, उषा देवी (50) पत्नी भीखन साहनी, किरन (45) पत्नी उधारी साहनी, बबिता (35) पत्नी घूरा साहनी, अंजली देवी (23) पत्नी अजय साहनी, प्रीति (04), हिना (25) पत्नी भरत, शिवमूर्ति (45) पत्नी विरेंद्र का नाम शामिल है। उधर, घटना के बाद सिटी मजिस्ट्रेट मनोज कुमार पांडेय, एएसपी विजय पाल सिंह सहित मय फोर्स अस्पताल पहुंच गए तथा पीड़ितों का हाल जाना और बेहतर उपचार की व्यवस्था कराई।