एनएच 31 पर तेज रफ्तार से आ रही मारुति सुजुकी कार की टक्कर से शुक्रवार की सुबह एक महिला की मौत हो गई। इसके बाद गुस्साएं लोगों ने एनएच-31 पर जाम लगा दिया। जिससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। बच्चों का स्कूल जहां प्रभावित हुआ, वहीं वाहनों में बैठे यात्री भी हलकान दिखे। बाद में पहुंचे अधिकारियों ने मुआवजा देने की बात कहकर जाम समाप्त कराया।
शुक्रवार की सुबह तेतारपुर गांव की रहने वाली राजमुनि देवी (50) पत्नी रामेश्वर राम खेत में धान की रोपनी करने के लिए जा रही थी कि तभी भरौली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार मारुति सुजुकि एसके-4 कार ने पीछे से टक्कर मार दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में गिर गई। घटना के बाद ड्राइवर फरार हो गया। गुस्साए गांव के लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। मौके पर एडीएम, एडीशनल एसपी, एसओ नरहीं, एसओ चितबड़ागांव, चौकी इंचार्ज कोरण्टाडीह ने पहुंचकर लोगों से वार्ता करके जाम को समाप्त कराया। लोगों ने अधिकारियों से मृतका के परिवार को आर्थिक सहायता के साथ उनके बसने के लिये जमीन की भी मांग की है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया। तब जाकर जाम समाप्त हुआ।