थाना क्षेत्र के किकोढ़ा गांव में रविवार की देर रात गांव के बाहर लगी संत रविदास की प्रतिमा को अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसको लेकर गांव में तनाव व्याप्त है। इस मामले में गांव के अंजेश कुमार ने चार लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। माहौल की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष सिकंदरपुर बृजेश शुक्ला ने बताया कि पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में काफी दिनों से तनाव चला आ रहा है। जिसमें रविवार की शाम दोनों पक्षों के कुछ लोगों के बीच कहासुनी हुई। इस मामले में एक पक्ष द्वारा मारपीट की घटना को दूसरा रूप दिया जा रहा है, बहरहाल जो भी है, पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस मामले में ग्रामीणों से बातचीत हुई, जिसमें बताया गया कि मूर्ति क्षतिग्रस्त पहले से ही थी, इसे तूल देने की कोशिश की जा रही है।