बहेरी चट्टी पर जाम लगा रहे ग्रामीणों को समझाते शहर कोतवाल डीके श्रीवास्तव।
नहर के पानी से घिरे बहेरी तथा उमरगंज वासियों का गुस्सा गुरुवार को उस समय फूट पड़ा। जब गड्ढे में डूबे युवक को ढूंढने में जिला प्रशासन लापरवाही बरती और गोताखोर लगाना मुनासिब नहीं समझा। इस दौरान पीड़ितों ने जिला व पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही चंद्रशेखर नगर चौकी इंचार्ज के तत्काल निलंबन की मांग की।
आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस होने के नाते हम लोगों ने जब युवक को ढूंढने में उनसे मदद मांगी तो उन्होंने हमारी पीड़ा को समझने के बजाय कहा कि हम कुछ नहीं कर सकते हैं, जो करना तुम लोग करो। शनिवार से चहूंओर पानी से घिरे लोग रविवार से ही जिला प्रशासन से नाव की मांग कर रहे थे।
लेकिन जिला प्रशासन के कानों में जूं नहीं रेंगा। इसबीच बुधवार की शाम युवक के डूबने फिर उसे ढूंढने में लापरवाही के कारण गुरुवार को उनका आक्रोश फूट पड़ा और सैकड़ों की संख्या में लोग सड़क पर उतरकर दिमागी चट्टी के पास एनएच-31 पर जाम लगा दिए। पीड़ित अमजद खान, पिंटू खान, साहिद खान, गुलाब नबी, इबरारा खान ने बताया कि युवक के डूबने के बाद हम लोगों ने तुरंत चंद्रशेखर नगर चौकी इंचार्ज को सूचना दी।
इसके बाद हम लोगों ने उनसे जिला प्रशासन से कहकर गोताखोर बुलाने की मांग की। लेकिन उन्होंने हमारी बातों को अनसूनी कर दी। यदि उसी वक्ता गोताखोर आ जाते तो काश युवक मिल जाता और कुछ अप्रिय घटना होने से बच जाती। करीब एक घंटे बाद मौके पर पहुंचे कोतवाल डीके श्रीवास्तव ने अविलंब बाहर से गोताखोर बुलाकर युवक को ढूंढने का आश्वासन दिया। तब जाकर मामला शांत हुआ।