रसड़ा शिक्षा क्षेत्र के अखनपुरा गांव में एमडीएम के विषाक्त सब्जी के प्रकरण में जांच करते पहुंचे बीएसए डा. राकेश सिंह।
क्षेत्र के अखनपुरा गांव के प्राथमिक विद्यालय पर मंगलवार को उस समय खलबली मच गई जब एमडीएम की सब्जी में विषैले पदार्थ होने की जानकारी पर ग्रामीणों ने स्कूल का घेराव किया। ग्रामीणों के हो-हल्ला के बाद मौके पर पहुंचे रसड़ा कोतवाल ने किसी प्रकार ग्रामीणों को शांत कराया। इसी बीच बीएसए राकेश सिंह भी मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया, साथ ही कहा कि जांच रिपोर्ट में विषाक्त पदार्थ पाए जाने पर प्रधानाध्यापक समेत सभी शिक्षक और रसोइये पर कार्रवाई की जाएगी।
अखनपुरा गांव के प्राथमिक विद्यालय में रोज की भांति सोमवार को एमडीएम बच्चों को जब परोसा गया तो सब्जी का रंग काला था। लिहाजा बच्चों ने सब्जी खाने से इनकार कर दिया। बच्चों ने इसकी शिकायत प्रधानाध्यापक बिंदू यादव से की। इस पर प्रधानाध्यापक ने रसोइया कलावती देवी व सुशीला देवी से सब्जी मंगवाई तो उन्होंने देखा कि पूरी सब्जी का रंग काला है और उसमें कुछ पदार्थ तैर रहा है।
प्रधानाध्यापक ने तुरंत सारी सब्जियां फेंकवा दिया। बच्चे जब घर पहुंचे तो उन्होंने सारी बात बताई। इस बात से गुस्साए अभिभावक और अन्य ग्रामीण मंगलवार को स्कूल पहुंचे और हंगामा करने लगे। सूचना पर बीएसए राकेश सिंह भी मौके पर पहुंच गए और सब्जी का सैंपल लेने के साथ मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए।