एसडीएम को ज्ञापन सौंपते पूर्वमंत्री नारद राय साथ में ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
शहर से सटे खोरीपाकड़ गांव स्थित राम जानकी मंदिर से गायब हुई अष्टधातु की मूर्तियों की बरामदगी को लेकर ग्रामीणों ने मंदिर पर पूर्व मंत्री नारद राय की अगुवाई में गुरुवार को धरना दिया। इस दौरान मूर्तियों की बरामदगी के लिए सात दिनों तक अखंड हरिकीर्तन करने का भी निर्णय लिया गया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर को पूर्व मंत्री नारदराय और ग्रामीणों ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा। वहीं, एसडीएम के आश्वान पर धरना स्थगित कर दिया गया।
मालूम हो कि सप्ताहभर पहले 15 करोड़ मूल्य की अष्टधातु की पांच मूर्तियां राम जानकी मंदिर से चोरी हो गई थीं। मूर्तियों की बरामदगी नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही थी। गुरुवार को करीब आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने मंदिर पर ही पूर्व मंत्री नारद राय के नेतृत्व में धरना शुरु कर दिया। राय ने कहा कि कीमती मूर्ति चोरी होने के बावजूद पुलिस प्रशासन मौन है। ऐसा नहीं चलेगा। पुलिस खुलासा करने में लापरवाही बरत रही। चेतावनी दी कि मूर्तियों की जल्द बरामदगी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
शिक्षक नेता विष्णु देव राय ने कहा कि अब मंदिरों में भगवान की मूर्तियां भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। माल्देपुर निवासी जगनारायण राय ने राजनीतिद भेदभाव से उपर उठकर मूर्ति का पता लगाने का आह्वान किया। इस मौके पर राधामोहन राय, राम सिंगासन राय, मनोज पांडेय, कमलेश राय, नरेंद्र राय, विनोद पासवान आदि थे।