फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महिला की मौत से भड़की भीड़ पर लाठीचार्ज

Sat, 27 Jun 2015 10:39 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, बलिया
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन मालगोदाम रोड पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने वहीं पर शव के साथ जाम लगा दिया। तकरीबन साढ़े तीन घंटे बाद जाम समाप्त कराने आई पुलिस की जब लोगों ने नहीं सुनी तो लाठीचार्ज शुरू कर दिया। इससे वहां पर भगदड़ मच गई। आते-जाते राहगीरों को भी चोटें आईं। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाया और शव को कब्जे में लिया। लोग नगर में नो इंट्री के समय भी बड़े वाहनों के प्रवेश, अतिक्रमण से आए दिन हादसों से नाराज थे।
विज्ञापन


सुखपुरा थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी सेवानिवृत्त फौजी मनन सिंह उर्फ श्रीप्रकाश (55) अपनी बहन सुनीता (32) पत्नी डीपी सिंह को लेकर आंख के इलाज के लिए जिला अस्पताल के पास आए थे। चिकित्सक ने करीब चार बजे परीक्षण का समय दिया। इसी बीच सुनीता ने भाई से एक मोबाइल खरीदने को कहा और दोनों इंदू मार्केट पहुंचे। वहां से मोबाइल खरीदकर वापस डाक्टर के पास जा रहे थे कि बलिया स्टेशन के ठीक सामने माल गोदाम रोड पर ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दिया। इससे श्रीप्रकाश सिंह गिर गया और सुनीता ट्रक की चपेट में आ गई।

सुनीता की कुचलने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लोगों ने ट्रक का पीछा किया लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। इसके बाद नाराज लोगों ने शव के साथ बलिया-बैरिया मार्ग को करीब साढे़ तीन घंटे तक जाम रखा। पुलिस और प्रशासनिक अफसर मौके पर पहुंचे। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी जब लोग नहीं माने तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव भी किया।
विज्ञापन


लाठीचार्ज में दर्जनभर लोग भागते वक्त गिरकर घायल हो गए। इसके बाद एसडीएम बच्चा लाल मौर्य, सीओ डीपी सिंह ने लोगों को समझाया और शव कब्जे में लिया। इस मौके पर कोतवाली प्रभारी सभाजीत सिंह, ओक्डेनगंज चौकी प्रभारी सत्येंद्र राय सहित भारी संख्या में पुलिस कर्मी मौजूद रहे। देर शाम तक घटना स्थल पर पुलिस कर्मी तैनात रहे। पोस्टमार्टम हाउस पर पूर्व विधायक रामइकबाल सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सहित अन्य नेतागण पहुंचे थे।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें