प्रधानमंत्री आवास तथा शौचालय निर्माण के लिए ग्रामीणों को झांसा देकर आवेदन करने तथा धनउगाही करने के मामले में पुलिस ने सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालक समेत दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। अमर उजाला ने 26 जुलाई के अंक में इस गोरखधंधे का खुलासा किया था। जिस पर डीएम के निर्देश पर छापेमारी की गई थी।
पिछले कई दिनों से शहर के शास्त्री पार्क चौराहे पर ग्रामीणों को बुला कर प्रधानमंत्री आवास तथा शौचालय निर्माण के लिए सीएससी संचालक की ओर से ऑनलाइन आवेदन के नाम पर ग्रामीणों से धनउगाही की जाती थी। इसका खुलासा होने के बाद डीएम ने चार अधिकारियों की टीम बना कर छापेमारी करने का निर्देश दिया। टीम ने बुधवार को छापेमारी कर एक आपरेटर राजू वर्मा को मौके से पकड़ लिया।
जांच के बाद डूडा के परियोजना अधिकारी एडीएस चौहान की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सीएससी संचालक तथा बांसडीह रोड बरहट्टा निवासी राजू वर्मा तथा इसी गांव के रामबाबू प्रसाद के खिलाफ आईपीसी की धारा 419, 420, 467, 468, 471 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।