बैरिया। तहसील के भू-राजस्व अभिलेख कार्यालय का ताला तोड़कर बुधवार की रात चोरों ने लाखों रुपये के उपकरण पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी गुरूवार को तहसील खुलने के बाद हुई। इसके बाद हड़कम्प मच गया। रजिस्टार कानूनगो बब्बन यादव ने थाने में अज्ञात चोरों के विरूद्ध तहरीर दिया। जिसके बाद पुलिस छानबीन में जुट गई। हैरत की बात यह है कि तहसील में गार्ड की तैनाती होने के बाबजूद चोरी की घटना होना, लोगों के समझ से परे हैं। तहरीर में उल्लेख किया गया है कि जहां ट्रेजरी के गार्डो का आवास है, ठीक उसके सामने तहसील का बाउंड्री वाल है। जिसे फांदकर चोर तहसील में दाखिल हुए है। इसके बाद भू-राजस्व अभिलेख कार्यालय का ताला तोड़कर कक्ष में रखे कम्प्यूटर का यूपीएस, साढ़े सात केबीए का एक स्टेब्लाइजर, 60 छोटा बैट्री को चोर चुराकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरूद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर छानबीन में जुट गई। चोरी की घटना से नाराज नायब तहसीलदार शशिकांत मणि ने कहा कि वर्ष 2015 में बकायेदारों का दो ट्रैक्टर पकड़ कर तहसील प्रांगण में खड़ा किया गया था। जहां से दोनों ट्रैक्टरों में से चोर बैटरी खोल ले गए थे। इसके अलावा अभी दो माह पूर्व अधिवक्ता भवन के चैनल का ताला तोड़कर चोरों ने तीन पंखा, दो कुर्सी, एक घड़ी, व समरसेबल चुरा लिया था। दोनों मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज तो किया था, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की।